जगदलपुर, 24 जुलाई। छत्तीसगढ़ में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने के लिए राज्य सरकार ने इस वर्ष बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। सरकार ने वन विभाग के माध्यम से करीब ढाई करोड़ से तीन करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही सभी सरकारी विभागों को भी अपने-अपने परिसरों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए गए हैं।

वन विभाग के अलावा स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य तथा अन्य विभाग अपने कार्यालयों, संस्थानों और परिसरों में पौधारोपण करेंगे। सरकार का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक विभाग को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ते हुए इस अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाना है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी विभाग अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही प्रदेश में माइक्रो फॉरेस्ट विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि शहरों और कस्बों में हरित क्षेत्र बढ़े और लोगों को स्वच्छ एवं बेहतर पर्यावरण मिल सके।

वृक्षारोपण अभियान के तहत स्थानीय और पारंपरिक प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे जैव विविधता का संरक्षण हो सके और पर्यावरणीय संतुलन मजबूत बने।

राज्य में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान भी लगातार गति पकड़ रहा है। पिछले दो वर्षों में इस अभियान के तहत सात करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। अब तीसरे वर्ष में सरकार पहले से भी बड़े लक्ष्य के साथ प्रदेश को अधिक हरा-भरा बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts