वॉलमार्ट, DHL, EXIM बैंक सहित कई संस्थाओं के विशेषज्ञ बताएंगे निर्यात के गुर, उद्यमियों को मिलेगा वन-टू-वन बिजनेस इंटरेक्शन का मौका
जगदलपुर, 11 अगस्त 2026। बस्तर के स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में जगदलपुर में 14 अगस्त को निर्यात जागरूकता कैम्प एवं ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट समिट का आयोजन किया जाएगा। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME), मौजूदा एवं संभावित निर्यातकों को निर्यात की प्रक्रिया, सरकारी योजनाओं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध कारोबारी अवसरों की जानकारी देना है। खास तौर पर ऐसे स्थानीय उद्यमियों के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण होगा, जो अपने उत्पादों को ई-कॉमर्स के माध्यम से देश से बाहर के बाजारों तक पहुंचाना चाहते हैं।
निर्यात की पूरी प्रक्रिया समझाएंगे विशेषज्ञ
समिट में डीजीएफटी, एक्जिम बैंक, ईसीजीसी, सिडबी, इंडिया पोस्ट, लीड बैंक और एमएसएमई विभाग के विशेषज्ञों के साथ वॉलमार्ट और डीएचएल के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। विशेषज्ञ उद्यमियों को IEC पंजीयन, निर्यात प्रक्रिया, ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट, डाक के माध्यम से निर्यात, एक्सपोर्ट फाइनेंस और जरूरी दस्तावेजों के संबंध में जानकारी और मार्गदर्शन देंगे।
कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे बात कर सकेंगे उद्यमी
कार्यक्रम की खास बात यह है कि प्रतिभागियों को विशेषज्ञों और ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बिजनेस इंटरेक्शन का अवसर भी मिलेगा। इससे स्थानीय उद्यमी अपनी कारोबारी जरूरतों, निर्यात में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने के तरीकों पर सीधे चर्चा कर सकेंगे।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र जगदलपुर के मुख्य महाप्रबंधक अजीत सुंदर बिलुंग ने जिले के उद्यमियों, निर्यातकों, उद्योग संघों, व्यापारिक संगठनों और निर्यात में रुचि रखने वाले नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।




