बलौदाबाजार, 11 जून 2026

जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घर के पीछे बाड़ी में खून से लथपथ हालत में महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 20 सिविल लाइन क्षेत्र निवासी पुष्पा ध्रुव (29 वर्ष), पति सोमनाथ ध्रुव, का शव उनके घर के पीछे बाड़ी में मिला। महिला के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने देवर को लिया हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच और संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतिका के देवर देवेंद्र ध्रुव को हिरासत में लिया है।

पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

क्या बोले थाना प्रभारी?

कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट ने बताया कि मृतिका का शव घर की बाड़ी में खून से सनी अवस्था में मिला है। महिला के चेहरे पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने के संकेत मिले हैं। एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जो मृतिका का देवर बताया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts