नई दिल्ली , 3 जून 2026
भाजपा छोड़ने की चर्चाओं के बीच के. अन्नामलाई के पार्टी में बने रहने की संभावना मजबूत होती दिख रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लगातार दो दिनों तक हुई बातचीत के बाद अब उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा नेतृत्व और अन्नामलाई के बीच उनकी भूमिका को लेकर मंथन जारी है। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि अन्नामलाई भाजपा के बैनर तले ही अपने जनसंपर्क अभियान को आगे बढ़ाएं। वहीं अन्नामलाई ने तमिलनाडु भाजपा इकाई के कुछ नेताओं के रवैये को लेकर अपनी नाराजगी भी जताई है।
अमित शाह और अन्नामलाई के बीच हुई अहम चर्चा
बताया जा रहा है कि बुधवार को हुई बैठक में आरएसएस विचारक एस. गुरूमूर्ति भी मौजूद रहे। चर्चा के दौरान तमिलनाडु की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों, अन्नामलाई के जनसंपर्क अभियान और उनकी भविष्य की भूमिका पर विचार किया गया।
भाजपा नेतृत्व ने अन्नामलाई की लोकप्रियता को देखते हुए उनके अभियान को और व्यापक बनाने का भरोसा दिया है। माना जा रहा है कि सभी मुद्दों पर सहमति बनने के बाद उनकी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कराई जा सकती है।
तमिलनाडु भाजपा में बदलाव की चर्चा तेज
अन्नामलाई के पार्टी में बने रहने की संभावनाओं के बीच तमिलनाडु भाजपा संगठन में बदलाव की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन की भूमिकाओं में बदलाव किया जा सकता है।
इसके साथ ही अन्नामलाई को राज्य में संगठनात्मक और राजनीतिक फैसलों को लेकर अधिक स्वतंत्रता दिए जाने पर भी विचार हो रहा है।
दो दिन में हो सकता है बड़ा फैसला
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ जारी बातचीत के बाद अगले दो दिनों में अन्नामलाई के भविष्य को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। राजनीतिक गलियारों में अब सभी की नजर उनकी संभावित प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात पर टिकी हुई है।
