विशाखापत्तनम, 8 जून 2026

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में सोमवार को एक भीषण औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के भीतर करीब 1500 डिग्री सेल्सियस तापमान पर पिघले हुए स्टील से भरे लैडल (करछुल) में अचानक हुए विस्फोट और अनियंत्रित होने के कारण गर्म लोहा मजदूरों पर जा गिरा, जिससे 8 श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में कई अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना एसएमएस-2 (SMS-2) और एसटीसी-3 (STC-3) हीट एफजी विभाग में उस समय हुई, जब क्रेन के जरिए पिघले हुए स्टील को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। अचानक लैडल के हिलने से खौलता हुआ स्टील कर्मचारियों पर गिर गया। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

हादसे की सूचना मिलते ही आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगलापुडी अनीता ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और राहत-बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए। गृह मंत्री स्वयं भी घटनास्थल पहुंचीं और राहत कार्यों की निगरानी की।

वहीं, मजदूर यूनियन के नेताओं ने आशंका जताई है कि हादसा किसी विस्फोट के कारण हुआ हो सकता है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतकों में शामिल सभी लोग ठेका श्रमिक थे या स्थायी कर्मचारी।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts