रायपुर, 22 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर देश के राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और आस्था का प्रमुख केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास में कई बार आक्रांताओं द्वारा सोमनाथ मंदिर को नुकसान पहुंचाया गया, लेकिन हर बार इसका पुनर्निर्माण हुआ। यह देशवासियों की अटूट श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है।

सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के तहत छत्तीसगढ़ से 1000 से अधिक विशिष्टजन, पद्मश्री सम्मानित हस्तियां, कलाकार और साहित्यकार विशेष ट्रेन से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए रवाना हुए। यात्रा में शामिल श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के शिवालयों की पावन माटी और नदियों का जल भगवान सोमनाथ को अर्पित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक देशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व राष्ट्रीय स्मरणोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का माध्यम बनेगी।

उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल का स्मरण करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद उन्होंने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। वहीं देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने पुनर्निर्मित मंदिर का लोकार्पण किया था।

कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह यात्रा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और राष्ट्रीय गौरव को निकट से जानने का अवसर प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए और उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts