गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM), 9 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत करने के उद्देश्य से जीपीएम जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा।
एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही विकास की प्रक्रिया में हर परिवार की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर ने तैयारियों की समीक्षा की
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय, स्पष्ट एवं समयबद्ध कार्ययोजना और प्रभावी मैदानी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे को अभियान का जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है।
‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा अभियान का शुभारंभ
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इस दिन शाम को जिले के प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलित कर अभियान से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक होगा।
मैदानी अमला घर-घर पहुंचकर नागरिकों को अभियान की जानकारी देगा और उन्हें दीप प्रज्वलन के माध्यम से सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेगा। इसका उद्देश्य विकास के संकल्प को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जन-जन और घर-घर का संकल्प बनाना है।
बच्चों की कल्पनाओं में दिखेगा विकसित भारत
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इन प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों को विकसित भारत की अपनी कल्पना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा और श्रेष्ठ कलाकृतियों को प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन के सामने रखा जाएगा।
नुक्कड़ नाटकों से पहुंचेगी ‘नमो सेवा गाथा’
अभियान के दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके उद्देश्यों और योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की कहानियों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
नागरिकों को उनकी पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा, जिससे योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंच सके।
‘आंगन का उत्सव’ में पोषण और महिला-बाल कल्याण पर जोर
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी हितग्राहियों को दी जाएगी।
कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए उनका सम्मान भी किया जाएगा। इसके जरिए महिलाओं, बच्चों और परिवारों को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी सफलता की कहानियां
अभियान के तहत ‘कहानी बदलाव की’ पहल में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियों का संकलन किया जाएगा।
इन कहानियों के माध्यम से बताया जाएगा कि शासन की योजनाओं ने आम नागरिकों के जीवन में किस तरह सकारात्मक बदलाव लाया है। सफलता की ये कहानियां अन्य पात्र नागरिकों को भी योजनाओं का लाभ लेने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
जनभागीदारी से मजबूत होगा विकसित भारत का संकल्प
‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए शासन की योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही सेवा, सहभागिता और संकल्प की भावना को आमजन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान की विभिन्न गतिविधियों में बच्चे, महिलाएं, युवा, किसान, हितग्राही और आम नागरिक सहभागी बनेंगे। इस तरह यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार से लेकर विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प तक की यात्रा को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का प्रयास होगा।



