रायपुर, 8 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। समाज ने सदियों से भारतीय सामाजिक व्यवस्था, संस्कारों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे महान नेता का सेन समाज से होना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री शनिवार को राजधानी रायपुर के चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सेन समाज को सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर होगा चौक का नामकरण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर चौक का नामकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नामकरण की प्रक्रिया के लिए कमेटी का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री ने सेन समाज के विकास और कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
केश शिल्पियों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में किया गया था। पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए उस समय कई महत्वपूर्ण पहल शुरू की गईं।
उन्होंने बताया कि सैलून संचालन के लिए सेन समाज के लोगों को किट, कुम्हारों को बैटरी चलित चाक और बढ़ई समाज के लोगों को कारपेंट्री किट देने की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि सेन समाज की वर्तमान आवश्यकताओं और मांगों पर राज्य सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को आगे बढ़ा रहा सेन समाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुनर और प्रतिभा के सम्मान को बढ़ावा मिला है। भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर वंचित वर्गों के अधिकारों और सामाजिक न्याय के संघर्ष के प्रतीक रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विधायक रिकेश सेन और छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन समाज की सेवा और प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि केश शिल्प कल्याण बोर्ड को युवा नेतृत्व मिला है और गौरी शंकर श्रीवास के नेतृत्व में समाज को आगे बढ़ाने का काम तेजी से होगा।
‘सबका साथ, सबका विकास’ के अनुरूप हो रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर वर्ग को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक हुनर और छोटे व्यवसायों से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता, ऋण और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं।
ढाई साल में मोदी की गारंटी के अधिकांश वादे पूरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले ढाई वर्षों में विधानसभा चुनाव के दौरान मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को पूरा करने का काम तेजी से हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत हुए हैं और प्रतिदिन करीब 1500 से 1600 मकानों का निर्माण हो रहा है।
किसानों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जा रहा है। दो वर्षों का बकाया धान बोनस भी किसानों को दिया गया है।
70 लाख माताओं-बहनों को मिल रहा महतारी वंदन का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की करीब 70 लाख माताओं-बहनों के खातों में हर महीने 1000 रुपये की राशि भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि ढाई वर्षों में योजना के माध्यम से 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।
50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन
मुख्यमंत्री ने बताया कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को भी पुनः शुरू किया गया है।
भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के पारिश्रमिक में वृद्धि की गई है और चरण पादुका योजना को भी पुनः शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजगार देने के लिए विभिन्न विभागों में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है। नई उद्योग नीति के माध्यम से करीब डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
समाज के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील
मुख्यमंत्री ने सेन समाज के पदाधिकारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के बेटे-बेटियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सामाजिक संगठनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
बिजली बिल समाधान योजना का लाभ लेने की अपील
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का उल्लेख करते हुए पात्र उपभोक्ताओं से इसका लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण कई परिवारों पर बड़ी राशि बकाया हो गई है। योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत और सरचार्ज में छूट दी जा रही है।
80 हजार घरों में लग चुके सोलर सिस्टम
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में अब तक करीब 80 हजार घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इनमें करीब 40 हजार घरों में बिजली बिल शून्य आ रहा है।
सेवा सेतु से घर बैठे 700 से अधिक सेवाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए सेवा सेतु शुरू किया गया है। इसमें 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। नागरिक घर बैठे मोबाइल के माध्यम से जाति, आय, निवास सहित विभिन्न प्रमाण पत्रों और अन्य सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से दर्ज करा सकते हैं शिकायत
मुख्यमंत्री ने बताया कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। इसके माध्यम से लोग घर बैठे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि करीब 8 हजार अधिकारी इस व्यवस्था से जुड़े हैं और शिकायतों के समाधान के लिए एल-1, एल-2, एल-3 और एल-4 स्तर पर व्यवस्था की गई है।
डॉ. रमन सिंह ने की सेन समाज के योगदान की सराहना
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सेन समाज हजारों वर्षों से गांव और सामाजिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी रहा है। जन्म, विवाह और मृत्यु सहित जीवन के प्रत्येक संस्कार में सेन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने गौरीशंकर श्रीवास के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार समाज के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विधायक रिकेश सेन द्वारा विधानसभा में सेन समाज से जुड़े विषयों को सक्रियता से उठाने की भी बात कही।
कौशल विकास पर दिया जोर
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सेन शक्ति सम्मेलन को सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सेन समाज के कौशल विकास के लिए कौशल विकास विभाग के माध्यम से विभिन्न प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों से नए ट्रेड और प्रशिक्षण शुरू करने के सुझाव देने की अपील की।
प्रशिक्षित युवाओं को वितरित किए किट
छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास ने सम्मेलन को सेन समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने केश शिल्पी कल्याण बोर्ड का गठन कर इसे सेन समाज को समर्पित किया था और अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बोर्ड को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सेन समाज के प्रदेशभर से आए प्रशिक्षित युवाओं को किट वितरित किए। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास सहित विभिन्न बोर्डों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में सेन समाज के प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।



