रायपुर, 8 अगस्त 2026

पीडीएस में पारदर्शिता के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की बड़ी पहल

छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने शनिवार को प्रदेश के पहले तीन ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ का रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में ऑनलाइन शुभारंभ किया।

इस पहल के साथ छत्तीसगढ़ देश के उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो गया है, जहां ग्रेन एटीएम के माध्यम से हितग्राहियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

24×7 मिलेगा चावल, राशन की कतार से मिलेगी राहत

‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ के माध्यम से राशनकार्डधारी हितग्राही अब अपनी सुविधा के अनुसार 24 घंटे और सातों दिन चावल प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए मशीन की स्क्रीन पर आधार नंबर या राशनकार्ड नंबर दर्ज करना होगा।

इसके बाद बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी होने पर मशीन निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराएगी। इससे उचित मूल्य की दुकानों में राशन लेने के लिए लगने वाली लंबी कतार और समय की बाध्यता से हितग्राहियों को राहत मिलेगी।

वन नेशन, वन राशनकार्ड से दूसरे राज्यों के लोगों को भी लाभ

ग्रेन एटीएम की खासियत यह है कि केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों के राशनकार्डधारी भी ‘वन नेशन, वन राशनकार्ड’ योजना के तहत बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।

इससे प्रवासी श्रमिकों और दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ आने वाले हितग्राहियों के लिए भी राशन प्राप्त करना आसान होगा।

ग्रेन एटीएम संचालित करने वाला देश का पांचवां राज्य बना छत्तीसगढ़

वर्तमान में उत्तराखंड, मेघालय, गुजरात और ओडिशा में ग्रेन एटीएम संचालित हो रहे हैं। अब छत्तीसगढ़ भी इस सूची में शामिल हो गया है।

प्रदेश में तीन ग्रेन एटीएम की शुरुआत को पीडीएस व्यवस्था में तकनीक और नवाचार के प्रभावी उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

2500 किलो तक खाद्यान्न भंडारण की क्षमता

वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के सहयोग से स्थापित ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ की भंडारण क्षमता करीब 2500 किलोग्राम है। मशीन में चावल की लोडिंग पूरी तरह स्वचालित प्रणाली से होगी।

बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद मशीन हितग्राही को निर्धारित मात्रा में चावल उपलब्ध कराएगी। इससे खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता और निगरानी को और मजबूत किया जा सकेगा।

समय की बचत के साथ सम्मानजनक तरीके से मिलेगा राशन

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार के मार्गदर्शन में पीडीएस व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और जनसुविधा केंद्रित बनाने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अब हितग्राही अपने अन्य कार्यों के बाद अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय राशन प्राप्त कर सकेंगे।

मंत्री ने कहा कि ग्रेन एटीएम के उपयोग से समय की बचत होगी और उचित मूल्य दुकानों में भीड़ तथा कतार की समस्या कम होगी। तकनीक आधारित यह व्यवस्था छत्तीसगढ़ में राशन वितरण को अधिक आधुनिक, सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक बनाएगी।

पारदर्शी पीडीएस की दिशा में प्रभावी कदम

वर्ल्ड फूड प्रोग्राम की प्रतिनिधि नजी़नो हॉसीमोनी ने छत्तीसगढ़ सरकार को इस नवाचार के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की स्थापना राज्य सरकार, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले के प्रयासों से संभव हुई है।

उन्होंने इसे पारदर्शी और प्रभावी पीडीएस प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

शुभारंभ कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

शुभारंभ अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे, विधायक मोतीलाल साहू, खाद्य विभाग की संचालक डॉ. फरिहा आलम, नागरिक आपूर्ति निगम की एमडी इफ्फत आरा, अपर संचालक नीलिमा एल्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और हितग्राही उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts