रायपुर,14 अगस्त 2026

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है। किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने शहर में व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी अभियान शुरू किया है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोन में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शहर के सभी प्रमुख एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर 24 घंटे नाकेबंदी के साथ वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसके अलावा होटल, लॉज, सराय, धर्मशाला और अन्य ठहरने वाले स्थानों की भी गहन जांच की जा रही है।

संवेदनशील इलाकों में पैदल पेट्रोलिंग

पुलिस द्वारा संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।

संदिग्धों और वाहनों पर कड़ी नजर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आदतन बदमाशों, निगरानीशुदा व्यक्तियों और संदिग्धों की लगातार जांच की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

शहर में वाहनों और यातायात गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ITMS कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।

800 से ज्यादा जवान तैनात

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रायपुर में चल रहे सुरक्षा अभियान में 800 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य शहर में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।

रायपुर पुलिस ने आम लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts