रायपुर,9 जून 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात हुई तेज बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग ने इस बारिश को प्री-मानसून गतिविधि बताया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले 3 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। इसके लिए वर्तमान में मौसम की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

विभाग का कहना है कि अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम प्रभावित रह सकता है।

आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। बस्तर के तोकापाल में लगभग 1 सेमी वर्षा हुई, जबकि राजनांदगांव में तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका प्रणाली के कारण छत्तीसगढ़ में मौसम तेजी से बदल रहा है। इसका असर आने वाले दिनों में और अधिक देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts