रायपुर, 17 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में विद्यालयीन शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के समग्र विकास के उद्देश्य से राज्य स्तरीय AI Conclave का आयोजन किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समग्र शिक्षा के अंतर्गत आयोजित यह कॉन्क्लेव राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में हुआ।
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, विद्यालयीन शिक्षा के स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सार्थक एवं प्रभावी उपयोग करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बना है। कॉन्क्लेव में शिक्षा के क्षेत्र में AI के उपयोग, नवाचार और तकनीकी समाधानों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए।
‘लाईका चिन्हारी’ ऐप का विमोचन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शाला त्यागी (ड्रॉपआउट) बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विकसित ‘लाईका चिन्हारी’ ऐप का विमोचन किया।
मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि कॉन्क्लेव से प्राप्त निष्कर्ष शिक्षकों के लिए सशक्त सहायक संसाधन के रूप में काम करेंगे और विद्यार्थियों में कौशल विकास को बढ़ावा देने में मदद करेंगे। उन्होंने विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की भी शुभकामनाएं दीं।
AI शिक्षक का विकल्प नहीं, मददगार साथी
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलजीत सिंह ने कहा कि तकनीकी युग में लोग अनजाने में भी AI का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय आवश्यकताओं और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर तालमेल के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि AI शिक्षकों का स्थान नहीं लेगा, बल्कि उनके सहायक साथी के रूप में काम करेगा।
वहीं समग्र शिक्षा की आयुक्त डॉ. किरण कौशल ने कहा कि AI की मदद से प्रदेश में स्मार्ट क्लास और ICT लैब का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सकेगा। इससे सरल और सुगम शिक्षा को विद्यार्थियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
देश-विदेश के विशेषज्ञों ने लिया हिस्सा
AI Conclave में देश और दुनिया के कई प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों एवं कंपनियों के विशेषज्ञ शामिल हुए। Google, Wadhwani AI, Amazon, Microsoft, Adobe, Khan Academy, Physics Wallah, IIT Bhilai, IIM Raipur, NIT Raipur और CHiPS सहित विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञों ने AI और शिक्षा से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां दीं और अपने विचार साझा किए।
तैयार होगा व्यापक AI रोडमैप
कॉन्क्लेव के अंत में शिक्षा व्यवस्था में AI के प्रभावी उपयोग को लेकर व्यापक AI रोडमैप तैयार करने की दिशा में सहमति बनी। कॉन्क्लेव के दौरान सामने आए नवाचारों और तकनीकी समाधानों का अध्ययन कर छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा।
यह रोडमैप शिक्षकों के लिए सहायक संसाधन विकसित करने, AI आधारित शैक्षणिक समाधानों को बढ़ावा देने और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने का आधार बनेगा।



