रायपुर,17 अगस्त 2026

राजधानी रायपुर में मंगेतर को उसके दोस्त के साथ देखकर हुए विवाद के बाद एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान युवक कार के बोनट पर चढ़ गया, लेकिन कार आगे बढ़ने के बाद करीब 200 मीटर तक चलती रही। इसी दौरान युवक सड़क पर गिर गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान टाटीबंध स्थित उदया सोसायटी निवासी कारोबारी परमप्रीत सिंह के रूप में हुई है। घटना आमानाका थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन घटना के तीन दिन बाद भी कार चालक भरत मंगनानी फरार बताया जा रहा है।

मंगेतर को दोस्त के साथ देखकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर महोबा बाजार निवासी ठेकेदार परमप्रीत सिंह का अपनी मंगेतर से एम्स के पास विवाद हुआ था। दोनों करीब 3-4 साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे और दोनों परिवारों ने उनकी शादी भी तय कर दी थी।

बताया गया कि युवती अपनी मां को लेने राजिम जाने वाली थी। परमप्रीत उसे खुद ले जाना चाहता था, लेकिन युवती अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ दुर्ग से रायपुर पहुंची थी। एम्स के पास परमप्रीत ने मंगेतर को उसके दोस्त के साथ देखा, जिसके बाद दोनों के बीच बहस और विवाद बढ़ गया।

कार के बोनट पर चढ़ गया युवक

विवाद के बाद युवती भरत मंगनानी के साथ जाने लगी। इससे नाराज परमप्रीत ने दोनों को रोकने की कोशिश की और भरत की कार में टक्कर मार दी। कार रुकने के बाद परमप्रीत उसके बोनट पर चढ़ गया और युवती से नीचे उतरने के लिए कहने लगा।

इसी दौरान भरत ने कार आगे बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि कार करीब 200 मीटर तक चलती रही, जिसके बाद परमप्रीत सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल परमप्रीत को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया

पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। कार चला रहे भरत मंगनानी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts