रायपुर,24 अगस्त 2026

राजधानी में एक ही रात दो युवकों की हत्या से सनसनी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक ही रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों वारदातें डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुईं। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना महादेव घाट रोड पर हुई, जबकि दूसरी वारदात श्रीराम नगर, चंगोराभांठा इलाके में सामने आई। दूसरी घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

महादेव घाट रोड पर चाकूबाजी, एक युवक की मौत

जानकारी के अनुसार, पहली घटना महादेव घाट रोड पर हुई। कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार टिकेंद्र ने सुमीत बाजार के सामने उसे रोक लिया।

बताया जा रहा है कि इसके बाद चाकूबाजी की घटना हुई। हमले के दौरान कैलाश ने चाकू छीन लिया और टिकेंद्र पर वार कर दिया, जिससे टिकेंद्र की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल कैलाश को इलाज के लिए एम्स रायपुर भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने इस मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

चंगोराभांठा में 20 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला

दूसरी घटना रविवार रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभांठा में हुई। जानकारी के मुताबिक, 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पांच आरोपी गिरफ्तार, कुछ नाबालिग भी शामिल

घटना के बाद डीडी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंगोराभांठा की वारदात में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के नाबालिग होने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। दोनों मामलों में हत्या, बलवा और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की भूमिका, विवाद की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts