रायपुर,11 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के तहत रायपुर नगर पालिक निगम ने एक महीने के भीतर शहर के लगभग 53 स्वच्छता लक्षित इकाई (CTU) स्थलों का कायाकल्प किया है। इन स्थानों पर पहले कचरे के ढेर, गंदगी और अव्यवस्था की समस्या बनी हुई थी, जिन्हें अब साफ-सुथरा और आकर्षक स्वरूप दिया गया है।
यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया गया। इसके अंतर्गत नगर निगम के सभी 10 जोनों में चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर सफाई, कचरा निष्पादन, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण के कार्य कराए गए। अभियान का उद्देश्य केवल गंदगी हटाना नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ, सुंदर और उपयोगी बनाना भी रहा।
महापौर और आयुक्त के निर्देश पर चला अभियान
नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री चंद्राकर और आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अभियान संचालित किया गया। सभी 10 जोनों के स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने वार्ड पार्षदों के नेतृत्व में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों को चिन्हित कर सफाई और सुधार कार्य किए।
इस दौरान जोन कमिश्नरों और जोन स्वास्थ्य अधिकारियों के मार्गदर्शन में निगम कर्मचारियों ने सक्रियता से काम किया। अभियान में सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं और आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
भाठागांव से जगन्नाथ मंदिर तक बदली तस्वीर
अभियान के तहत रायपुर के कई प्रमुख सार्वजनिक स्थलों का कायाकल्प किया गया। इनमें वार्ड क्रमांक 61 के जल विभाग, भाठागांव और साबुन डबरी तालाब क्षेत्र शामिल हैं।
इसके अलावा वार्ड क्रमांक 44 स्थित पुराने नगर निगम भवन, वार्ड क्रमांक 38 के स्वामी आत्मानंद वार्ड स्थित दशहरा मैदान और वार्ड क्रमांक 59 में गौसिया मैदान के पास के क्षेत्र में भी सफाई एवं सुधार कार्य कराए गए।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 46 स्थित गुरु तेग बहादुर उद्यान और वार्ड क्रमांक 42 स्थित जगन्नाथ मंदिर क्षेत्र सहित अन्य चिन्हित सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया।
जनभागीदारी बनी अभियान की सबसे बड़ी ताकत
एक महीने तक चले इस अभियान की प्रमुख उपलब्धि नागरिकों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही। नगर निगम के संसाधनों के साथ जनसहयोग से लगभग 53 स्थानों की तस्वीर बदली गई।
इन प्रयासों के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की स्थिति में सुधार के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाने का संदेश दिया गया। निगम का उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान तक सीमित न रखकर इसे नागरिकों की नियमित आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाना है।
नगर निगम ने नागरिकों से की अपील
रायपुर नगर पालिक निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि अभियान के तहत संवारे गए सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करें। लोग कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और सार्वजनिक संपत्तियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
नगर निगम के अनुसार, स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत किए गए ये प्रयास राजधानी में स्थायी स्वच्छ वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इन स्थानों की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए नागरिकों की निरंतर भागीदारी आवश्यक है।



