गुजरात दौरे पर पीएम मोदी: सूरत की रक्षा फैक्ट्री में देखा मेड इन इंडिया टैंक-ड्रोन, ₹18,800 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

गुजरात दौरे पर पीएम मोदी: सूरत की रक्षा फैक्ट्री में देखा मेड इन इंडिया टैंक-ड्रोन, ₹18,800 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

सूरत , 5 जून 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात दौरे पर पहुंचे। दौरे की शुरुआत उन्होंने सूरत के हजीरा स्थित लार्सन एंड टुब्रो (L&T) आर्म्ड सिस्टम्स कॉम्प्लेक्स के निरीक्षण से की। इस दौरान पीएम मोदी ने मेड इन इंडिया टैंक, ड्रोन और अन्य रक्षा उपकरणों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से उनकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी ली।

L&T का यह कॉम्प्लेक्स भारत के सबसे आधुनिक रक्षा निर्माण केंद्रों में शामिल है, जहां सेना के लिए बख्तरबंद वाहन, तोप प्रणालियां और अन्य सैन्य प्लेटफॉर्म तैयार किए जाते हैं। पीएम मोदी ने औद्योगिक गतिविधियों और रक्षा उत्पादन क्षमता का जायजा लिया।

₹18,800 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ

सूरत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री करीब 18,800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क, रेलवे और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।

पीएम मोदी वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और पैकेज-7 का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा कई बड़े और छोटे पुल, रेलवे ओवरब्रिज, फ्लाईओवर और 70 अंडरपास भी जनता को समर्पित किए जाएंगे।

NHAI की परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की लगभग 4,732 करोड़ रुपये की चार प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इससे गुजरात के सड़क नेटवर्क और कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।

दमन से लक्षद्वीप परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन

पीएम मोदी दमन से 885 करोड़ रुपये की बंदरगाह और पर्यटन विकास परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे, जो लक्षद्वीप में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में मददगार साबित होंगी।

विश्व पर्यावरण दिवस पर अनोखी पहल

5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पीएम के कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का विशेष संदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक बैनर नहीं लगाए गए और कार्यकर्ताओं को साइकिल तथा ई-व्हीकल से आने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

आम नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम द्वारा 450 से अधिक ई-बसों का संचालन किया गया, जिससे कार्यक्रम में आने-जाने के दौरान प्रदूषण कम करने का प्रयास किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *