रायपुर, 27 अगस्त 2026

रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के पंडरीपानी और आसपास के करीब 60 गांवों के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पंडरीपानी में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की नवीन शाखा एवं भवन का विधिवत शुभारंभ किया।

नई शाखा शुरू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को अब बैंकिंग कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। लोगों को घर के नजदीक ही बचत खाता, ऋण, बीमा और अन्य बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर क्षेत्रवासियों और भारतीय स्टेट बैंक की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गांवों तक बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार वित्तीय समावेशन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि बैंक शाखा खुलने से किसानों, छोटे व्यापारियों, युवाओं और स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए आर्थिक प्रगति के नए अवसर तैयार होंगे।

अब 60 गांवों के लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंडरीपानी और आसपास के ग्रामीणों को अब तक बैंकिंग कार्यों के लिए करीब पांच किलोमीटर दूर फरसाबहार जाना पड़ता था। नई शाखा खुलने से बोखी, सहसपुर, भगोरा, बनगांव, सीमाबाड़ी, मुंडाडीह और सरईटोली सहित करीब 60 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

इससे ग्रामीणों के समय और संसाधनों की बचत होगी और बैंकिंग सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का प्रयास है कि आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं गांवों तक पहुंचें और समाज के अंतिम व्यक्ति को औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जोड़ा जाए।

नई शाखा के माध्यम से किसानों को कृषि ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड, व्यापारियों और उद्यमियों को व्यवसायिक ऋण तथा आम नागरिकों को गृह ऋण, वाहन ऋण और शिक्षा ऋण जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने खुशी जताई कि शाखा के औपचारिक शुभारंभ से पहले ही करीब 200 लोगों ने बैंक खाते खुलवा लिए थे, जो क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं की जरूरत और लोगों के उत्साह को दर्शाता है।

क्षेत्र के विकास के लिए CM ने की कई बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पंडरीपानी और आसपास के क्षेत्रों में अधोसंरचना एवं खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

उन्होंने पंडरीपानी में मिनी स्टेडियम और पंडरीपानी बाजारपारा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही अंबाकछार और सीमाबाड़ी में भी मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं के विकसित होने से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हाथीबेड़ से कोतबा गांधी चौक तक करीब सात किलोमीटर सड़क निर्माण की भी घोषणा की। अन्य प्रमुख घोषणाओं में शामिल हैं—

मेन रोड सिसरिंगा में 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, हाईस्कूल मैदान में चेंजिंग रूम, हाईस्कूल प्रांगण का जीर्णोद्धार और मूंगी दरबार में पुलिया निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, शिक्षा, खेल और सामुदायिक अधोसंरचना का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन की गुणवत्ता सुधारने और विकास को नई गति देने के लिए आवश्यक है।

हितग्राहियों को मिले ऋण स्वीकृति पत्र और बीमा राशि

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न बैंकिंग एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र और बीमा दावा राशि के चेक प्रदान किए।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत तीन हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने के साथ बिजली खर्च में बचत और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रही है।

वहीं, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत नौ हितग्राहियों को 50 हजार रुपये से लेकर 1 लाख 90 हजार रुपये तक के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत भी दो हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुद्रा और विश्वकर्मा योजनाएं छोटे उद्यमियों, कारीगरों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक संबल प्रदान कर उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर दे रही हैं।

बीमा योजना के हितग्राहियों को भी मिला लाभ

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत चार हितग्राहियों को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक प्रदान किए गए।

फरसाबहार विकासखंड की किसान श्रीमती लक्ष्मी बाई को किसान क्रेडिट कार्ड ऋण का स्वीकृति पत्र दिया गया।

मुख्यमंत्री ने जशपुर के प्रधान आरक्षक स्वर्गीय श्री राहुल राम प्रधान के परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक भी प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने कर्तव्य का निर्वहन करने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के प्रति सरकार संवेदनशील है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

ग्रामीणों में दिखा उत्साह

पंडरीपानी में एसबीआई की नई शाखा शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने कहा कि अब छोटे-बड़े बैंकिंग कार्यों के लिए फरसाबहार जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे समय और आवागमन पर होने वाले खर्च की बचत होगी तथा किसानों, व्यापारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts