रायपुर, 21 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति, आत्मीयता और पारंपरिक तिहारों की मिठास को सहेजने के उद्देश्य से नवा रायपुर में भव्य ‘तीज मिलन उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की मेजबानी में यह आयोजन 22 सितंबर 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक एम-12, सेक्टर-24, अटल नगर, नवा रायपुर में होगा।

इस विशेष आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपनी धर्मपत्नी श्रीमती वीणा सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय के साथ शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़िया अस्मिता और पारंपरिक पर्वों के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना है। तीज मिलन उत्सव में प्रदेश की लोक-संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाज और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की झलक देखने को मिलेगी।

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व केवल धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि वे भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। तीज मिलन उत्सव के जरिए समृद्ध परंपराओं और छत्तीसगढ़िया संस्कृति की मिठास को साझा करने तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन, लोक-संस्कृति और तीजा पर्व के आत्मीय अनुष्ठानों का संगम देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts