रायपुर, 3 नवंबर 2026

बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर लाया गया है। उसे इंडिगो की फ्लाइट 6E2307 से रायपुर पहुंचाया गया। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने CBI को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दी है। अब सौरभ चंद्राकर को 4 नवंबर 2026 को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

ओमान से प्रत्यर्पण के बाद दिल्ली में हुई थी पेशी

जानकारी के मुताबिक, ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद CBI ने 2 नवंबर 2026 को सौरभ चंद्राकर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था। विशेष न्यायाधीश निखिल चोपड़ा की अदालत में CBI ने आरोपी को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर देने की मांग की थी। इस दौरान मामले की सुनवाई में दोनों पक्षों की ओर से लंबी बहस हुई।

प्रत्यर्पण की शर्तों पर रायपुर की अदालत करेगी फैसला

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उसके सामने आरोपी की ट्रांजिट रिमांड का सवाल है। प्रत्यर्पण की शर्तों के तहत आरोपी पर CBI के मामले में मुकदमा चलाया जा सकता है या नहीं, इस पर फैसला रायपुर की संबंधित विशेष अदालत करेगी।

अदालत ने सौरभ चंद्राकर की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर करते हुए उसे 4 नवंबर 2026 तक रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश करने का निर्देश दिया। साथ ही अदालत ने कहा कि प्रत्यर्पण की शर्तों और मुकदमे की वैधता से जुड़े सवालों पर निर्णय संबंधित ट्रायल कोर्ट ही करेगा।

CBI की पूछताछ पर टिकी नजरें

सौरभ चंद्राकर को रायपुर लाए जाने के बाद अब CBI की पूछताछ पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी से पूछताछ के दौरान नेटवर्क, कथित लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर जानकारी जुटाई जा सकती है। हालांकि, पूछताछ में क्या खुलासे होंगे, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts