रायपुर, 3 नवंबर 2026
नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में कृषि विभाग का स्टॉल लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां चारों तरफ फैली प्राकृतिक हरियाली और ग्रामीण परिवेश का खूबसूरत नजारा आगंतुकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। स्टॉल में खेती-किसानी, मत्स्य पालन, जल प्रबंधन और जैव विविधता का शानदार प्रस्तुतिकरण किया गया है।
कृषि से जुड़े उत्पादों, खासकर बीज और खाद्य पदार्थों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां कृषि योजनाओं के साथ उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन, कुक्कुटपालन और अन्य आजीविका मूलक गतिविधियों की जानकारी भी दी जा रही है। इसके अलावा प्राकृतिक अनुकूलता और भूजल स्तर से संबंधित जानकारियां भी आगंतुकों को उपलब्ध कराई जा रही हैं।
हरियाली और ग्रामीण परिवेश का खूबसूरत नजारा
कृषि विभाग के स्टॉल में प्रवेश करते ही चारों तरफ हरियाली और शीतल वातावरण का अनुभव होता है। यहां ग्रामीण परिवेश की झलक को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। स्टॉल में पहुंच रहे लोग सब्जी-भाजी, फूल, पेड़-पौधों और पशुधन विकास से जुड़े कार्यों के बारे में जानकारी लेते नजर आ रहे हैं।
यहां परंपरागत धान की खेती के साथ वैकल्पिक और अधिक लाभकारी फसलों को अपनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी प्रदर्शित किया गया है।
बस्तर कैफे की खुशबू और रबड़ी की मिठास ने खींचा ध्यान
कृषि विभाग के स्टॉल में खेती-किसानी की जानकारी के साथ खानपान के उत्पाद भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। यहां कामधेनु विश्वविद्यालय की रबड़ी का स्वाद लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं दूसरी ओर बस्तर कैफे की खुशबू भी आगंतुकों को अपनी ओर खींच रही है।
पंडाल में लोग अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार शहद सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की खरीदी भी कर रहे हैं। इस तरह कृषि से जुड़े उत्पादों और स्थानीय स्वाद को एक ही स्थान पर देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है।
आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी ले रहे किसान और आगंतुक
स्टॉल में खेती-किसानी को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने वाले नवीनतम कृषि यंत्रों का भी प्रदर्शन किया गया है। इनमें बेलर, स्ट्रॉ चॉपर, कंबाइन हार्वेस्टर, पैडी ट्रांसप्लांटर और रीपर सहित अन्य कृषि उपकरण शामिल हैं।
आगंतुक इन आधुनिक मशीनों की कार्यप्रणाली और उपयोग के संबंध में जानकारी ले रहे हैं। साथ ही किसानों को कृषि यंत्रों की खरीदी पर शासन द्वारा दिए जाने वाले अनुदान और सब्सिडी के बारे में भी बताया जा रहा है।
फसल विविधीकरण से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित कर रही है।
राज्य शासन की मंशा है कि किसान परंपरागत खेती के साथ स्थानीय जलवायु, मिट्टी और बाजार की मांग के अनुरूप लाभकारी फसलों को भी अपनाएं। इससे कृषि उत्पादन में विविधता आएगी और किसानों की आय में वृद्धि के नए अवसर मिलेंगे। राज्योत्सव में कृषि विभाग का स्टॉल इन्हीं प्रयासों, आधुनिक कृषि तकनीकों और ग्रामीण आजीविका की संभावनाओं को प्रदर्शित कर रहा है।



