कोरबा,4 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में 10 वर्षीय बच्ची की खेलते समय गमछे में गला फंसने से मौत हो गई। दम घुटने के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, रोमा राज (10 वर्ष) मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी। वर्तमान में उसका परिवार सतनाम नगर, बालको में रहता है। रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी और घटना के समय अपने छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी।

बताया गया कि खेल-खेल में रोमा ने गमछे को ऊपर बांधकर उसमें सिर डालने की कोशिश की। परिजनों के मुताबिक, वह पहले भी अपने छोटे भाई को हंसाने के लिए ऐसा मजाक करती थी। इस बार गमछा अचानक उसके गले में कस गया, जिससे उसका दम घुटने लगा।

जब तक परिजनों की नजर उस पर पड़ी और उसे बचाने का प्रयास किया गया, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts