एंटरटेनमेंट डेस्क,24 अगस्त 2026
जयपुर। केरल की केजिया लिज मेजो (Kaziah Liz Mejo) ने प्रतिष्ठित मिस यूनिवर्स इंडिया-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। जयपुर में आयोजित ग्रैंड फिनाले में उन्होंने देशभर से पहुंची प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए ताज हासिल किया। खिताब जीतने के बाद वह भावुक नजर आईं।
उन्हें मिस यूनिवर्स इंडिया-2025 मनिका विश्वकर्मा ने विजेता का क्राउन पहनाया। 19 वर्षीय केजिया लिज मेजो अब इस साल आयोजित होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
52 फाइनलिस्ट के बीच हुई कड़ी टक्कर
जयपुर के जी-स्टूडियो में रविवार देर रात आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में देशभर से आईं 52 फाइनलिस्ट ने हिस्सा लिया। प्रतियोगियों ने अपने टैलेंट, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और खूबसूरती का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के टॉप-5 फाइनलिस्ट में वैष्णवी गणेश, तेजस्विनी श्रीवास्तव, केजिया लिज मेजो, अनुश्री सातवलेकर और अनुभा वशिष्ठ शामिल रहीं।
वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप, अनुश्री सातवलेकर सेकंड रनर-अप
मिस यूनिवर्स इंडिया-2026 प्रतियोगिता में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश ने फर्स्ट रनर-अप का स्थान हासिल किया। वहीं, गुजरात की अनुश्री सातवलेकर को सेकंड रनर-अप चुना गया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद आखिरकार केरल की केजिया लिज मेजो ने खिताब अपने नाम कर लिया और अब वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं।
जीत के बाद बोलीं- यह सिर्फ उपलब्धि नहीं, बड़ी जिम्मेदारी
खिताब जीतने के बाद केजिया लिज मेजो ने कहा कि यह उनके लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है।
केजिया ने कहा कि वह इस अवसर के जरिए दुनिया के सामने भारत की विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और नई पीढ़ी की शक्ति को प्रस्तुत करना चाहती हैं।
कौन हैं केजिया लिज मेजो?
केजिया लिज मेजो लॉ की छात्रा होने के साथ-साथ मॉडल और क्लासिकल डांसर भी हैं। उनके माता-पिता के नाम मेजो अब्राहम और सुजा मेजो बताए गए हैं। वह फिलहाल बेंगलुरु में लॉ की पढ़ाई कर रही हैं और कोच्चि में रहती हैं।
उन्होंने इसी वर्ष मिस यूनिवर्स केरल-2026 का खिताब भी जीता था। इससे पहले वह मिस टीन इंटरनेशनल-2025 की फर्स्ट रनर-अप रह चुकी हैं। केजिया मिस टीन इंडिया का खिताब भी अपने नाम कर चुकी हैं और अंतरराष्ट्रीय टीन ब्यूटी पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
सोशल मीडिया पर भी रहती हैं एक्टिव
केजिया लिज मेजो सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। वह अपनी तस्वीरें और वीडियो साझा करने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तिगत विकास जैसे विषयों पर भी खुलकर बात करती हैं।



