कवर्धा, 27 जून 2026

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक चलती यात्री बस को बीच सड़क पर रोककर चालक के साथ गाली-गलौज, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में आरोपित युवक बेल्ट लहराकर बस चालक को डराते हुए दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे की है। मुंगेली से पंडरिया आ रही एक यात्री बस को पंडरिया-मुंगेली मार्ग पर हिसार पेट्रोल पंप के पास तीन युवकों ने रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ग्राम रेहुटा या आसपास के रहने वाले हैं। आरोप है कि युवकों ने बस को काफी देर तक रोककर हंगामा किया और चालक के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।

घटना के समय बस में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और बीमार मरीज समेत कई यात्री सवार थे। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई। बीच सड़क पर बस रुकने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन को इस तरह रोककर चालक के साथ गुंडागर्दी करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है।

बताया जा रहा है कि जिले में हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। कुछ दिन पहले भी कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष के साथ अभद्रता का मामला सामने आया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

फिलहाल, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts