रायपुर, 21 जून 2026

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को छत्तीसगढ़ की सभी 33 जेलों में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान हजारों बंदियों और जेल अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन का संदेश दिया।

केंद्रीय जेल रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जेल महानिदेशक (डीजी) हिमांशु गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री और आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के प्रशिक्षक भी मौजूद रहे।

प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बंदियों और कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। प्रदेशभर की जेलों में सुबह आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में बंदियों ने भाग लेते हुए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर डीजी हिमांशु गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया योग के महत्व को स्वीकार कर रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और शारीरिक स्वास्थ्य प्रदान करता है। जेल प्रशासन का उद्देश्य बंदियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts