रायपुर, 15 अगस्त 2026
राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का 80वां पर्व पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया और भव्य परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता के नाम अपना संदेश भी वाचन किया।
17 प्लाटूनों ने किया आकर्षक मार्च पास्ट
समारोह में 17 प्लाटूनों ने भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मार्च पास्ट का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी श्री विमल कुमार पाठक ने किया, जबकि परेड के टू-आई-सी श्री निशांत गौरव कुर्रे रहे।
इस वर्ष बिहार प्रदेश की पुलिस टुकड़ी को आमंत्रित वर्ग में परेड में शामिल किया गया। परेड में सीमा सुरक्षा बल, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी, बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल और डॉग स्क्वॉड की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया।
समारोह में महिला बैगपाइपर बैंड दल ने भी आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
केंद्रीय बलों में ITBP प्रथम
स्वतंत्रता दिवस समारोह की परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
केंद्रीय बलों के वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टुकड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता दल को 5 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई। सीमा सुरक्षा बल (BSF) दूसरे और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) तीसरे स्थान पर रहा। BSF की टुकड़ी को 3 हजार रुपये तथा CRPF की टुकड़ी को 2 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला दल अव्वल
राज्य बलों के वर्ग में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला दल ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता दल को 5 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई।
छत्तीसगढ़ जेल पुलिस का दल दूसरे स्थान पर रहा, जिसे 3 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल पुरुष दल ने तीसरा स्थान हासिल किया। दल को 2 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
NCC Girls ने हासिल किया पहला स्थान
कंटीजेंट एनसीसी वर्ग में NCC Girls की टुकड़ी ने प्रथम और NCC Boys की टुकड़ी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दोनों दलों के कमांडरों को ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वालों को प्रशस्ति पत्र
समारोह में परेड-टू-आई-सी श्री निशांत गौरव कुर्रे, परेड कमांडर श्री विमल कुमार पाठक, महिला बैगपाइपर दल की कमांडर श्रीमती सोनबती ठाकुर, घुड़सवार दल के कमांडर श्री अनिल यादव और श्वान दल के कमांडर श्री राज कपूर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
परेड प्रस्तुतियों के लिए डॉ. अनुराधा दुबे और श्री मनीष परमानंद को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में शानदार परेड, अनुशासन और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को भव्य और यादगार बना दिया।



