नई दिल्ली, 2 जुलाई 2026

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ISI समर्थित आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिल्ली और पंजाब में संयुक्त छापेमारी के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर राजधानी में बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तुर्की मेड जिगाना पिस्टल समेत दो विदेशी पिस्टल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि नेटवर्क का संचालन ISI हैंडलर शाहजाद भट्टी कर रहा था, जिसने पंजाब के कुछ युवाओं को अपने जाल में फंसाकर आतंकी गतिविधियों में शामिल किया।

स्पेशल सेल ने सबसे पहले अमृतसर से शुभदीप सिंह उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजे गए हथियार और ड्रग्स की खेप रिसीव करता था। इसके बाद पुलिस ने उसके दो साथियों गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को भी गिरफ्तार कर लिया। चौथे आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली से दबोचा गया, जिसके मोबाइल से कई आपत्तिजनक डिजिटल सबूत मिले हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि गगनप्रीत दिल्ली के पुलिस थानों, पुलिस चौकियों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की रेकी कर चुका था। वह इन स्थानों के वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेज रहा था। पुलिस के अनुसार, उसे राजधानी में किसी भीड़भाड़ वाले इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने का भी निर्देश दिया गया था।

दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पाकिस्तान कनेक्शन की गहन जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts