नई दिल्ली,14 अगस्त 2026

स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। दिल्ली हाईकोर्ट, जामनगर हाउस, दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी ईमेल के जरिए मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

धमकी के बाद संबंधित स्थानों को खाली कराया गया और जांच के लिए पुलिस, दमकल विभाग, बम स्क्वायड तथा स्निफर डॉग्स की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग के वाहन भी सभी संबंधित लोकेशन्स पर भेजे गए। हालांकि, अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली हाईकोर्ट, जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, एमबी साकेत ऑफिस/डीएम ऑफिस, दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-3 और एसडीएम ऑफिस दिल्ली कैंट को धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है।

हाईकोर्ट में बम स्क्वायड ने की जांच

धमकी मिलने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट परिसर की गहन जांच की गई। हाईकोर्ट के ज्वाइंट सेक्रेटरी वकील कुनाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया धमकी फर्जी प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और बॉम्ब स्क्वायड व स्निफर डॉग्स पूरे परिसर की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

दिल्ली पुलिस ने 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है। डीसीपी नॉर्थ राजा बांठिया ने बताया कि आतंकवाद विरोधी जांच, एंटी-टेरर रिस्पॉन्स प्लान, भीड़ प्रबंधन और वीआईपी सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के दिन विभिन्न एजेंसियों के करीब 15,000 से 20,000 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों, वीडियो एनालिसिस और ‘अभिज्ञान’ एप्लिकेशन के जरिए निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस के मुताबिक करीब 3 किलोमीटर के क्षेत्र में विशेष निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पार्किंग पास और रूट डायवर्जन से जुड़े दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts