रायपुर,20 सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर रवाना हुए। रायपुर एयरपोर्ट पर रवाना होने से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपने दौरे की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि ओडिशा प्रवास के दौरान वे ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात करेंगे और दोनों राज्यों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच कई साझा विषय हैं, जिन पर बातचीत जरूरी है।
सीएम साय ने बताया कि वे अपने दौरे के दौरान पुरी धाम भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लेने और छत्तीसगढ़ की खुशहाली एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना करेंगे।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की मुलाकात के दौरान महानदी जल विवाद समेत कई अंतर्राज्यीय मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक और विकास से जुड़े विषयों पर भी बातचीत होने की संभावना है।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
ओडिशा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जहां भी गए हैं, वहां कांग्रेस को नुकसान हुआ है। सीएम साय ने कहा कि इंदौर और मध्य प्रदेश में भी यही होने वाला है।
मुख्यमंत्री के इस बयान पर कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है।
फिलहाल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का ओडिशा दौरा दोनों राज्यों के बीच साझा और अंतर्राज्यीय मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



