रायपुर,20 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच 1983 से चल रहा महानदी जल बंटवारा विवाद अब समाधान की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। इस मुद्दे को लेकर दोनों राज्यों के बीच कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, हालांकि अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया था।

हाल ही में दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री और अधिकारियों के बीच महानदी जल विवाद को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में बताया कि दिल्ली में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री और अधिकारियों ने बैठक कर इस विषय पर चर्चा की थी।

सीएम साय ने कहा कि महानदी जल विवाद का विषय केंद्रीय जल आयोग (CWC) को सौंप दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बहुत जल्द इस विवाद का समाधान हो जाएगा।

ओडिशा दौरे पर CM साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर रवाना हुए हैं। इस दौरान वे ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन कर छत्तीसगढ़ की खुशहाली की कामना करेंगे।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

इंदौर में आयोजित कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जहां-जहां जाते हैं, कांग्रेस का बंटाधार होता है। उन्होंने दावा किया कि यही हाल इंदौर और मध्यप्रदेश में कांग्रेस का होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts