छत्तीसगढ़ में 16 जून से ही खुलेंगे स्कूल, 1 जुलाई से सत्र शुरू होने की खबर निकली फर्जी

छत्तीसगढ़ में 16 जून से ही खुलेंगे स्कूल, 1 जुलाई से सत्र शुरू होने की खबर निकली फर्जी

रायपुर, 13 जून 2026

छत्तीसगढ़ में स्कूल खुलने की तारीख को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों के बीच लोक शिक्षण संचालनालय ने बड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 का नियमित संचालन 16 जून 2026 से ही प्रदेश के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में शुरू होगा।

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित यह दावा कि नया शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा, पूरी तरह असत्य, भ्रामक और फर्जी है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था फर्जी आदेश

दरअसल, एक दिन पहले सोशल मीडिया पर लोक शिक्षण संचालनालय के नाम से एक कथित आदेश वायरल हुआ था। इसमें भीषण गर्मी का हवाला देते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश को 30 जून तक बढ़ाने और स्कूलों को 1 जुलाई से खोलने की बात कही गई थी।

इस आदेश की सत्यता पर सवाल उठने के बाद विभाग ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्थिति स्पष्ट कर दी और वायरल दस्तावेज को फर्जी बताया।

16 जून से होगा नियमित संचालन

संचालनालय ने कहा है कि पूर्व में जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी विद्यालयों का संचालन 16 जून से ही किया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील

शिक्षा विभाग ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपील की है कि वे केवल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। विभाग ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट और भ्रामक जानकारी से बचने तथा किसी भी सूचना की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से करने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *