रायपुर, 3 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी के नवा रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है। राज्योत्सव स्थल पर मुख्य मंच से रोजाना हो रही शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं। वहीं मीना बाजार, शिल्पग्राम और खाना खजाना जोन में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
मुख्य मंच की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
राज्योत्सव के मुख्य मंच पर कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों का दर्शक भरपूर आनंद ले रहे हैं। मुख्य मंच के सामने बनाए गए एक अन्य मंच पर स्थानीय कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियां भी लोगों का मन मोह रही हैं। शिल्पग्राम की आकर्षक सजावट और वहां प्रदर्शित उत्पाद लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। यहां बनाए गए सेल्फी सेंटर के अलावा पूरे परिसर में लोग तस्वीरें लेते नजर आ रहे हैं।
खाना खजाना जोन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद
राज्योत्सव का खाना खजाना जोन भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां नागरिक किफायती कीमतों पर अलग-अलग तरह के व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ी खानपान के शौकीनों के लिए फरा, चीला, चौसेला, मुंगौड़ी बड़ा और साबूदाना बड़ा सहित कई पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध हैं।
इसके अलावा फास्ट फूड और अन्य स्वादिष्ट नाश्ते व भोजन के विकल्प भी मौजूद हैं। खास बात यह है कि खाना खजाना जोन में स्वच्छता और हाईजीन का विशेष ध्यान रखा गया है। परिवार के साथ पहुंचे लोग यहां विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लेते दिखाई दे रहे हैं।
मीना बाजार में मनोरंजन का आकर्षण
मीना बाजार को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह है। यहां मनोरंजन के लिए विभिन्न इंतजाम किए गए हैं। मुख्य कार्यक्रम शुरू होने से पहले भी लोग मीना बाजार पहुंचकर समय बिता रहे हैं और मेले का आनंद ले रहे हैं।
विभागीय स्टॉल में दिख रही योजनाओं और उपलब्धियों की झलक
राज्योत्सव में लगाए गए विभागीय स्टॉल भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की योजनाओं, कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है। लगभग सभी विभागों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। कुछ विभागों को योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए विशेष स्थान दिया गया है।
हर स्टॉल पर विभागों की अलग-अलग गतिविधियों और विशेषताओं को प्रदर्शित किया गया है। कहीं अनूठे प्रयोग लोगों का ध्यान खींच रहे हैं तो कहीं आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से कम समय में महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।
इन विभागों और संस्थानों के लगे हैं स्टॉल
राज्योत्सव में खनिज संसाधन, खेल एवं युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, जनसंपर्क, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, आवास एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं पर्यटन, श्रम, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, जेल, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, ऊर्जा, सहकारिता, स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग सहित अनेक विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं।
इसके अलावा नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण, छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स), बालको, एसईसीएल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, एनटीपीसी, उद्योग संचालनालय, बीएसएनएल, भिलाई स्टील प्लांट, जिंदल स्टील लिमिटेड और एनएमडीसी सहित विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों और संस्थानों ने भी अपने स्टॉल लगाए हैं।
राज्योत्सव में विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति, खानपान, शिल्प और मनोरंजन का संगम देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि नवा रायपुर के राज्योत्सव स्थल पर सुबह से शाम तक लोगों की चहल-पहल बनी हुई है।



