कवर्धा,1 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। चिल्फी बॉर्डर पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त को थाना चिल्फी के सामने NH-30 पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को पुलिस ने रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक में ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए गुप्त चेंबर का पता चला। चेंबर के अंदर गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे। गांजे को खाकी टेप से लपेटकर पैकेटों में रखा गया था, ताकि सामान्य जांच के दौरान इसका पता न चल सके।
पंजाब निवासी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब के अमृतसर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने गांजे के साथ करीब 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, ANTF टीम तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
इस कार्रवाई के लिए आईजी राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।



