रायपुर, 7 नवंबर 2026

स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। आगामी 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु इन तीनों शहरों को सम्मानित करेंगी। यह उपलब्धि प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों, सफाई मित्रों के समर्पण और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का सम्मानित होना पूरे प्रदेश के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान उन हजारों सफाई मित्रों के परिश्रम और समर्पण का सम्मान है, जो प्रतिदिन शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए मेहनत करते हैं। साथ ही यह उन जागरूक नागरिकों की सहभागिता का भी सम्मान है, जिन्होंने स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता के प्रति नई चेतना जागृत की है। आज स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित व्यापक जनआंदोलन बन चुकी है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी शहरों में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था हो और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिले।

केंद्रीय मंत्रालय ने पत्र भेजकर दी चयन की जानकारी

केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन की औपचारिक जानकारी दी है। मंत्रालय के सचिव श्री सतेंद्र सिंह ने राज्य में संचालित स्वच्छता गतिविधियों और नागरिक सहभागिता की सराहना करते हुए इन शहरों के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया है।

मंत्रालय के पत्र में कहा गया है कि स्वच्छ भारत के लक्ष्यों को प्राप्त करने में नागरिकों की सहभागिता और नगरीय निकायों के प्रयासों की अहम भूमिका है। छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन इस बात का प्रमाण है कि निरंतर प्रयास और सामूहिक भागीदारी से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में इन शहरों को मिलने वाली राष्ट्रीय पहचान प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।

‘बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ थीम को मिली मजबूती

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। यह थीम स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी, जनजागरूकता और नागरिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित करती है।

रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन बताता है कि स्वच्छता के प्रयासों को सफल बनाने में प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों, मैदानी अमले और सफाई मित्रों के निरंतर प्रयासों ने इन शहरों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

राष्ट्रीय समारोह में सफाई मित्रों को मिलेगा विशेष महत्व

नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सफाई मित्रों और मैदानी कर्मचारियों की भागीदारी को विशेष महत्व दिया जाएगा। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य तथा चयनित शहरों के प्रतिनिधिमंडलों में सफाई मित्रों, स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों, अभियंताओं और स्वच्छता मिशन से जुड़े प्रतिनिधियों को शामिल करने के लिए आमंत्रित किया है।

प्रत्येक पुरस्कार प्राप्त शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर सम्मान ग्रहण करने का अवसर मिलेगा। इससे स्वच्छता व्यवस्था को धरातल पर सफल बनाने वाले कर्मचारियों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।

समारोह में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे।

स्वच्छता नागरिकों के बेहतर जीवन से जुड़ा संकल्प : मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार के लिए स्वच्छता केवल किसी प्रतियोगिता या सर्वेक्षण में बेहतर स्थान प्राप्त करने तक सीमित नहीं है। यह नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन की गुणवत्ता से सीधे जुड़ा विषय है। स्वच्छ शहरों में नागरिकों को बेहतर वातावरण मिलता है और स्वस्थ समाज के निर्माण का मजबूत आधार तैयार होता है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल नगरीय निकायों या सफाई कर्मचारियों की नहीं, बल्कि हम सभी की है। जब नागरिक अपने घर, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति जागरूक होते हैं, तभी स्वच्छता के प्रयास स्थायी और प्रभावी बनते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन शहरों की उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ को नई प्रेरणा मिली है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक शहर स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करते हुए छत्तीसगढ़ को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

तीन शहरों की सफलता अन्य नगरीय निकायों के लिए बनेगी प्रेरणा : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए तीनों नगरीय निकायों की टीमों, जनप्रतिनिधियों, सफाई मित्रों और नागरिकों को बधाई दी है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन प्रदेश के नगरीय प्रशासन के लिए उत्साहवर्धक उपलब्धि है। यह सफलता बताती है कि स्थानीय निकायों की सक्रियता, सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि स्वच्छता किसी विशेष अभियान या सर्वेक्षण तक सीमित न रहे, बल्कि शहरों की नियमित कार्यसंस्कृति और नागरिकों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बने। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों शहरों को मिलने वाला राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

स्वच्छ और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मिलेगी नई दिशा

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन प्रदेश की शहरी स्वच्छता व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान अब तक किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान देने के साथ ही भविष्य में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने की प्रेरणा देगा।

तीन शहरों को एक साथ राष्ट्रीय सम्मान मिलने से प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों में भी सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और बेहतर कार्य करने की भावना को बल मिलेगा। जनजागरूकता, नागरिक सहभागिता और सफाई मित्रों के योगदान के साथ छत्तीसगढ़ स्वच्छ, स्वस्थ और सुविधाजनक शहरों के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts