संभाजीनगर,25 अगस्त 2026

छत्रपति संभाजीनगर हादसे में बड़ा खुलासा

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में हुए दर्दनाक पहाड़ी हादसे को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। 19 वर्षीय कुणाल चांदगुडे और उसके माता-पिता मुरलीधर एवं संगीता की मौत के पीछे iPhone नहीं, बल्कि पारिवारिक विवाद और लंबे समय से चला आ रहा तनाव मुख्य कारण बताया जा रहा है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया था कि कुणाल ने iPhone की मांग को लेकर आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन अब मृतक के परिवार ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

मौसी ने iPhone वाली बात को बताया गलत

कुणाल की मौसी पल्लवी ने कहा कि यह घटना किसी मोबाइल फोन या iPhone से जुड़ी नहीं थी। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर घटना को लेकर गलत अफवाह फैलाई गई

परिवार का कहना है कि कुणाल चाहता था कि उसके माता-पिता के बीच चल रहे मतभेद खत्म हों और दोनों साथ रहें। बताया गया कि कुणाल के माता-पिता पिछले कई वर्षों से अलग रह रहे थे और उनके बीच कई मुद्दों को लेकर विवाद चल रहा था।

संगीता के मायके पक्ष के अनुसार, दंपती के बीच संपत्ति समेत कई पारिवारिक विवाद लंबे समय से जारी थे, जिससे परिवार में तनाव बना हुआ था।

पिता के परिवार ने बताई अलग कहानी

कुणाल के पिता मुरलीधर की बहन शोभा राजेंद्र मस्के ने दंपती के रिश्ते को लेकर अलग जानकारी दी। उनके अनुसार, मुरलीधर और संगीता ने करीब 22 साल पहले लव मैरिज की थी।

उन्होंने बताया कि मुरलीधर के परिवार के कुछ सदस्य इस शादी के खिलाफ थे और संगीता को ससुराल पक्ष ने पूरी तरह स्वीकार नहीं किया था। ऐसे में पारिवारिक रिश्तों और मतभेदों को लेकर विवाद वर्षों से बना हुआ था।

पुलिस ने क्या कहा?

छत्रपति संभाजीनगर के DCP पंकज अतुलकर के अनुसार, परिवार में पिछले दो से तीन महीनों से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में iPhone को घटना का कारण नहीं पाया गया है। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है। अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

हादसे से एक दिन पहले मां ने पोस्ट किया था वीडियो

घटना से एक दिन पहले, 21 अगस्त, कुणाल की मां संगीता चांदगुडे ने अपने यूट्यूब चैनल पर रिश्तों और प्यार की अहमियत से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया था।

वीडियो में उन्होंने संपत्ति, परिवार और बेटे को माता-पिता से अलग किए जाने जैसी बातें कही थीं। हालांकि, उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम या स्पष्ट संदर्भ नहीं दिया था। अब पुलिस इस पोस्ट के पीछे की परिस्थितियों और उसके संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।

250 फीट गहरी खाई में गिरा परिवार

यह दर्दनाक घटना 22 अगस्त 2026 को छत्रपति संभाजीनगर में हुई थी। 19 वर्षीय कुणाल चांदगुडे, उसके पिता मुरलीधर और मां संगीता की करीब 250 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी।

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कुणाल खाई के किनारे खड़ा दिखाई दे रहा था, जबकि उसके माता-पिता उसे पीछे हटने और सुरक्षित स्थान पर आने की अपील कर रहे थे।

बताया गया कि कुणाल को बचाने के प्रयास में उसके पिता ने उसका हाथ पकड़ लिया, लेकिन इस दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे खाई में गिर गए। इसके बाद घटना से सदमे में आई मां संगीता के भी खाई में कूदने की बात सामने आई।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस अब इस मामले में पारिवारिक विवाद, सोशल मीडिया पोस्ट और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts