घर के सामने से गायब हुई थी मोटरसाइकिल, फुटेज खंगालते हुए आरोपी तक पहुंची पुलिस

जगदलपुर, 11 अगस्त 2026। शहर के हल्बा कचौरा इलाके से घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले का कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे आड़ावाल इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल CG-17-KU-3240 भी बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, हल्बा कचौरा निवासी भारत मौर्य की मोटरसाइकिल 15 जुलाई को उनके घर के सामने से चोरी हो गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश के लिए टीम लगाई।

शहर भर के CCTV फुटेज खंगाले, मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने संदिग्ध की पहचान 20 वर्षीय बिलासा बघेल, निवासी नयामुंडा, महारानी वार्ड, जगदलपुर के रूप में की।

पुलिस उसकी तलाश करते हुए आड़ावाल पहुंची, जहां आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर छिपाकर रखी गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 9 अगस्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts