बिलासपुर,29 अगस्त 2026
न्यायधानी बिलासपुर में सोशल मीडिया पर किए गए एक विवादित कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच आधी रात को हिंसक झड़प हो गई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। हालात संभालने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें TI समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज का है।
मारपीट के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, एक पक्ष के युवक द्वारा दूसरे पक्ष के युवक के साथ मारपीट किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज व पथराव शुरू हो गया। घटना में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पथराव के दौरान तारबाहर TI रविशंकर तिवारी के सिर में चोट आई। वहीं, तीन युवकों के चाकूबाजी में घायल होने की भी सूचना है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई बार बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
कलेक्टर और SSP ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और SSP रजनेश सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। विधायक सुशांत शुक्ला सहित स्थानीय नागरिक भी थाने पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक कर युवकों को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
देर रात तक तनाव का माहौल
पथराव के बाद देर रात तक इलाके में तनाव बना रहा। कोतवाली थाने में लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़कों पर युवकों की भीड़ नारेबाजी करती नजर आई।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।



