एंटरटेनमेंट डेस्क,28 जुलाई 2026
पॉपुलर सिंगर और रैपर बादशाह की दूसरी शादी को लेकर तलाक की अटकलें तेज हो गई हैं। उनकी पत्नी ईशा रिखी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए संकेत दिया कि वह लंबे समय तक डर और दबाव में चुप रहीं, लेकिन अब वह सब कुछ सामान्य होने का दिखावा नहीं कर सकतीं।
ईशा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि “कुछ लड़ाइयां ऐसी होती हैं, जिनके जख्म बाहर दिखाई नहीं देते। मैं बहुत लंबे समय तक चुप रही क्योंकि मैं डरी हुई थी। मुझे लगता था कि मेरे पति के पास इतना प्रभाव, शक्ति और संसाधन हैं कि मैं उनके सामने कुछ नहीं कर पाऊंगी।” उन्होंने आगे कहा कि अब वह डर नहीं, बल्कि हिम्मत को चुन रही हैं और जल्द ही पूरी कहानी सामने लाने के लिए तैयार होंगी।
इस पोस्ट से कुछ दिन पहले ही ईशा ने बादशाह के साथ शादी की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए लिखा था कि “कुछ तूफान सबक लेकर आते हैं और हर दुआ उम्मीद होती है।” इस पोस्ट पर अभिनेत्री जैस्मिन भसीन समेत कई करीबी दोस्तों ने उन्हें मजबूत बने रहने की सलाह दी थी।
ईशा की पोस्ट के बाद उनके कई दोस्तों और करीबी लोगों ने सार्वजनिक रूप से उनका समर्थन किया। एक करीबी ने लिखा कि वह जिस दौर से गुजर रही हैं, उसके गवाह हैं और उन्होंने हर परिस्थिति का सामना ईमानदारी और आत्मसम्मान के साथ किया है।
बताया जा रहा है कि मार्च 2026 में बादशाह और ईशा रिखी ने बेहद निजी समारोह में गुपचुप शादी की थी। शादी की आधिकारिक पुष्टि ईशा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की थी। उन्होंने एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए बादशाह को “पति देव” भी कहा था। वहीं, ईशा की मां ने भी सोशल मीडिया पर दोनों की शादी की तस्वीरें साझा कर शुभकामनाएं दी थीं।
ईशा रिखी पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री और मॉडल हैं। उन्होंने 2013 में फिल्म ‘जट्ट बॉय पुट्ट जट्टां दी’ से डेब्यू किया था। इसके बाद वह ‘हैप्पी गो लक्की’, ‘व्हॉट द जट्ट’, ‘अरदास’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। साल 2018 में उन्होंने फिल्म ‘नवाबजादे’ से बॉलीवुड में कदम रखा।
गौरतलब है कि बादशाह ने इससे पहले 2012 में जैस्मिन मसीह से शादी की थी। दोनों की एक बेटी भी है, लेकिन 2020 में उनका तलाक हो गया था। इसके करीब छह साल बाद बादशाह ने ईशा रिखी से दूसरी शादी की। हालांकि, बादशाह ने अब तक इन तलाक की अटकलों या ईशा की पोस्ट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।



