अंबिकापुर,26 अगस्त 2026

शहर के सुभाष नगर इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना में युवक की लिव-इन पार्टनर भी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

मृतक की पहचान मोहन पैकरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मोहन पिछले करीब 10 वर्षों से अपनी प्रेमिका के साथ किराए के मकान में रह रहा था। घटना के दौरान युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

प्रेमिका ने पुलिस को बताया कि उसके प्रेमी ने खुद अपना गला काट लिया था। उसे खून से लथपथ देखकर उसने भी अपना गला काटकर खुद को घायल कर लिया। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, रक्षाबंधन पर घर जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद यह घटना सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस को घर के दरवाजे के पास युवक का खून से लथपथ शव मिला। मौके पर दीवारों पर भी खून के निशान पाए गए। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल घायल प्रेमिका का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई जानने के लिए साक्ष्यों एवं अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts