रायपुर , 3 जून 2026

राजधानी रायपुर स्थित क्वींस क्लब ऑफ इंडिया को आधुनिक सुविधाओं से लैस विश्वस्तरीय हॉस्पिटैलिटी एवं वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने क्लब के विकास, संचालन एवं रख-रखाव के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत एजेंसी नियुक्त करने की परियोजना प्रस्तावित की है।

परियोजना के तहत क्लब परिसर में स्क्वैश कोर्ट, टेनिस कोर्ट, जिम, स्विमिंग पूल, बैडमिंटन हॉल, बिलियर्ड रूम और टेबल टेनिस हॉल जैसी आधुनिक खेल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। साथ ही मौजूदा अधोसंरचना का व्यापक नवीनीकरण और आधुनिकीकरण भी किया जाएगा।

वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह परियोजना रायपुर को एक प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और शहरी अधोसंरचना विकास को गति मिलेगी।

मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि परियोजना को लाइसेंस, डेवलप, ऑपरेट एवं ट्रांसफर (LDOT) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। योजना के अनुसार टेनिस कोर्ट क्षेत्र के रिक्त भूभाग पर लगभग 61 कमरों वाला आधुनिक आवासीय एवं हॉस्पिटैलिटी ब्लॉक बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना में करीब 25 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। इससे दीर्घकालिक राजस्व सृजन, आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। परियोजना की लाइसेंस अवधि 20 वर्ष होगी, जिसे आवश्यकता अनुसार 10 वर्ष तक बढ़ाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts