रायपुर, 28 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका कार्टून वॉच द्वारा जगदलपुर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा बस्तर की संस्कृति, पर्यटन और लोकजीवन को रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के नए आयाम स्थापित कर रहा है। अपनी प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों के कारण बस्तर देश-दुनिया में नई पहचान बना रहा है। चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा और अन्य लोकपर्व इसकी समृद्ध विरासत के प्रमुख प्रतीक हैं।
कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम का उद्देश्य बस्तर की सकारात्मक छवि को कार्टून कला के माध्यम से रचनात्मक अभिव्यक्ति देना है।
कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी तथा पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे लाइव डेमो के जरिए ऑन-द-स्पॉट कार्टून और कैरिकेचर बनाने का प्रशिक्षण देंगे। साथ ही विद्यार्थियों को कार्टून कला के सामाजिक, रचनात्मक और रोजगारपरक पहलुओं से भी परिचित कराया जाएगा।
इस पहल के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा और बस्तर की सकारात्मक पहचान को कला के जरिए देशभर तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। ‘मुस्कुराता बस्तर’ अभियान नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर से जोड़ने की दिशा में एक रचनात्मक प्रयास माना जा रहा है।



