पखांजूर,24 जुलाई 2026
कांकेर जिले के पखांजूर में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जिंदा कछुओं के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वन स्तरीय उड़नदस्ता दल ने ग्राम पीवी-124 के बाजार में दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि बाजार में वन्यजीवों की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर दीपांकर राय, निवासी ग्राम पीवी-117, को कछुओं की बिक्री के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 11 जिंदा कछुए बरामद किए गए, जिनका कुल वजन करीब 7 किलो 10 ग्राम बताया गया है। आरोपी के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय वन्यजीव तस्करों में हड़कंप मच गया है।



