रायपुर, 17 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 को पूरे प्रदेश में गरिमामय, भव्य और प्रेरणादायी ढंग से मनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस इसलिए भी खास होगा क्योंकि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक अवसर भी इसी दिन मनाया जाएगा। शासन ने सभी जिला कलेक्टरों और विभागीय प्रमुखों को कार्यक्रमों की समुचित निगरानी और सफल आयोजन के निर्देश दिए हैं।

15 अगस्त को सुबह 9 बजे राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।

‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सभी शासकीय कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन अनिवार्य किया गया है। परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी तथा बैंड प्लाटून की टुकड़ियां शामिल होंगी।

जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्रीगण ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। वहीं स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

जनपद पंचायत मुख्यालयों में जनपद पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिकाओं और पंचायतों में अध्यक्ष एवं सरपंच, जबकि बड़े गांवों में ग्राम प्रमुख ध्वजारोहण करेंगे। इन कार्यक्रमों में राष्ट्रगान, भाषण तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया जाएगा।

शासन ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जिला स्तरीय समारोहों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा नक्सली हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए।

15 अगस्त को प्रकाशित होने वाले सरकारी विज्ञापन भी स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और छत्तीसगढ़ के शहीदों को समर्पित होंगे।

स्वतंत्रता दिवस की रात प्रदेश के सभी शासकीय भवनों, कार्यालयों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी (लाइटिंग) से सजाया जाएगा। साथ ही आम नागरिकों और निजी संस्थानों से भी राष्ट्रीय ध्वज फहराने और अपने भवनों पर रोशनी करने की अपील की गई है।

इसके अलावा शासकीय एवं शिक्षण संस्थानों में सुबह 9 बजे से पहले ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और वृक्षारोपण जैसे आयोजन किए जाएंगे। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला कलेक्टर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा तथा केवल देशभक्ति से ओतप्रोत और मर्यादित गीतों के प्रसारण की अनुमति होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts