रायपुर, 11 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से शनिवार को उनके निवास कार्यालय में बस्तर गोंचा महापर्व आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात कर गोंचा महापर्व-2026 में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त करते हुए महापर्व के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का सम्मान करते हुए तुपकी चलाकर भगवान श्री जगन्नाथ को पारंपरिक प्रतीकात्मक सलामी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने जगदलपुर शहर में विद्युत तारों को अंडरग्राउंड किए जाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से शहर में विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान हुआ है और भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा के सुचारु संचालन में आने वाली बाधाएँ भी समाप्त हो गई हैं।
360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने बताया कि समाज अपनी 619 वर्ष पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए 29 जून से 25 जुलाई 2026 तक बस्तर के ऐतिहासिक गोंचा महापर्व का आयोजन कर रहा है। उन्होंने बताया कि भगवान श्री 1008 जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा 16 जुलाई को श्री जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर सिरहासार भवन (जनकपुरी) में संपन्न होगी, जहां महाप्रभु विराजमान होंगे।
इस दौरान वन मंत्री श्री केदार कश्यप, विधायक श्री किरण सिंह देव, महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष मुक्तेश पाण्डे सहित समिति के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
