चिंतन शिविर 3.0: योग से हुई नई शुरुआत, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिया स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश

चिंतन शिविर 3.0: योग से हुई नई शुरुआत, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिया स्वस्थ और संतुलित जीवन का संदेश

रायपुर, 05 जुलाई 2026

चिंतन शिविर 3.0 के दूसरे दिन की शुरुआत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने योगाभ्यास के साथ की। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) नवा रायपुर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित विशेष योग सत्र में मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि व्यक्ति में प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन और प्रभावी निर्णय क्षमता के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से चिंतन शिविर 3.0 के दौरान प्रत्येक दिन की शुरुआत योग से की जा रही है, ताकि सकारात्मक ऊर्जा और एकाग्रता के साथ राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक मंथन किया जा सके।

उन्होंने कहा कि इस सामूहिक योगाभ्यास से अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलेगा, जिससे शिविर के उद्देश्यों को नई दिशा और ऊर्जा प्राप्त होगी।

योग सत्र में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित आईआईएम रायपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *