रायपुर, 2 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले के सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का दौरा कर आश्रम में संचालित सेवा, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संस्था की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यह आश्रम मानवता, करुणा और समर्पण का जीवंत केंद्र है।
मुख्यमंत्री ने आश्रम प्रमुख सुधीर देव से संस्था की सेवा गतिविधियों, चिकित्सा सुविधाओं और पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आश्रम वर्षों से समाज के उपेक्षित और जरूरतमंद लोगों की गरिमा के साथ सेवा कर ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ की भावना को साकार कर रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आश्रम परिसर स्थित श्री सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना एवं आरती कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने आश्रम के लिए उपलब्ध कराई गई नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इससे आश्रमवासियों और जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का निरीक्षण कर ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, बिलिंग कक्ष, एक्स-रे कक्ष, आईसीयू और ऑपरेशन थियेटर सहित विभिन्न इकाइयों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने धनवंतरी जनकल्याण समिति सोसायटी, रायपुर द्वारा संचालित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग इनिशिएटिव वाहन का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है और ऐसी पहल जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रमवासियों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना, उन्हें उपहार भेंट किए तथा गौशाला में गौमाता की पूजा कर हरा चारा अर्पित किया और गौसेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश देवी जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष भोजराज देवांगन सहित आश्रम के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
