रामगढ़ को CM साय की बड़ी सौगात: 1 करोड़ रुपये मंजूर, उदयपुर-डूमरडीह बनेगी नगर पंचायत

रामगढ़ को CM साय की बड़ी सौगात: 1 करोड़ रुपये मंजूर, उदयपुर-डूमरडीह बनेगी नगर पंचायत

रायपुर, 30 जून 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में सरगुजा के ऐतिहासिक रामगढ़ महोत्सव-2026 का भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रामगढ़ के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये की घोषणा की। साथ ही क्षेत्रवासियों की मांग पर उदयपुर और डूमरडीह को मिलाकर नई नगर पंचायत बनाने का भी ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामगढ़ केवल एक सांस्कृतिक आयोजन का केंद्र नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा, आस्था, इतिहास और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सीताबेंगरा, जोगीमारा गुफा और हाथीपोल जैसी ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनश्रुतियों के अनुसार भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने वनवास के दौरान इस क्षेत्र में समय बिताया था। सीताबेंगरा गुफा आज भी आस्था का प्रमुख केंद्र है, जबकि जोगीमारा गुफा अपनी प्राचीन भित्तिचित्र कला और हाथीपोल अपनी अनूठी प्राकृतिक संरचना के कारण विश्वभर में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि महाकवि कालिदास द्वारा ‘मेघदूतम्’ की रचना इसी क्षेत्र में किए जाने का उल्लेख रामगढ़ के साहित्यिक महत्व को और बढ़ाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरगुजा जिले में 2,387 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं और प्रतिदिन लगभग 1,600 आवास बनकर तैयार हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। पुनर्वासित नक्सलियों और पीवीटीजी परिवारों को भी आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल धान की खरीदी कर रही है। 13 लाख किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस दिया जा चुका है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में हर महीने 1,000 रुपये भेजे जा रहे हैं। वहीं रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 49 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके हैं। तीर्थयात्रा दर्शन योजना के तहत 19 प्रमुख तीर्थस्थलों को शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया लगातार जारी है। आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन भी शुरू की गई है।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के 6 बच्चों का शाला प्रवेश कराया। उन्होंने बच्चों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और स्कूल बैग, वॉटर बॉटल तथा अध्ययन सामग्री भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने 26 से 30 जून तक सरगुजा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर डॉक्यूमेंट्री तैयार करने वाले टूरिज्म इन्फ्लूएंसर्स को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, शकुंतला पोर्ते, उद्देश्वरी पैंकरा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *