कोरबा,28 जून 2026
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तलाक की प्रक्रिया के बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेम विवाह के तीन साल बाद अलग रह रहे दंपती ने आपसी सहमति से तलाक के दस्तावेज तैयार कराए, लेकिन इसके कुछ ही देर बाद पति ने कथित तौर पर पत्नी पर पिस्टल तान दी और उसके साथ मारपीट की। परिजनों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने नवंबर 2023 में बिलासपुर निवासी सतीश कुमार से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और युवती मायके लौट आई। इसके बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे।
शुक्रवार को सतीश कुमार अपने मामा जितेंद्र चंद्राकर के साथ पत्नी के घर पहुंचा और आपसी सहमति से तलाक का प्रस्ताव रखा। दोनों परिवारों की मौजूदगी में अधिवक्ता के पास जाकर तलाक से जुड़े दस्तावेज तैयार कराए गए।
दस्तावेज बनने के बाद युवती अपने घर लौट आई। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी फिर घर पहुंचा और बातचीत के बहाने पत्नी को बाहर बुलाकर मारपीट की तथा उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी। शोर सुनकर परिजनों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सतीश कुमार और उसके मामा जितेंद्र चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही हैं।


