रायपुर में 12 घंटे के भीतर 3 युवकों के शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

रायपुर में 12 घंटे के भीतर 3 युवकों के शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

रायपुर, 22 जून 2026

राजधानी रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में महज 12 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। खमतराई और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रों में सामने आए इन मामलों के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में तीनों मामलों में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

WRS कॉलोनी में मिला खून से लथपथ शव

खमतराई थाना क्षेत्र की WRS कॉलोनी स्थित एक खुले मैदान में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या किसी भारी पत्थर से वार कर की गई है।

मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। जांच के दौरान उसके दाहिने हाथ पर “RK सारथी” नाम का टैटू मिला है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।

मेटल पार्क में मिला 4-5 दिन पुराना शव

खमतराई थाना क्षेत्र के मेटल पार्क इलाके में एक और अज्ञात युवक का शव मिला है। पुलिस के अनुसार शव करीब चार से पांच दिन पुराना है और काफी हद तक सड़-गल चुका है। मृतक के शरीर पर “चांदनी” नाम का टैटू मिला है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर पहचान करने का प्रयास कर रही है।

भाठागांव में रिंग रोड किनारे मिला तीसरा शव

तीसरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव इलाके का है, जहां रिंग रोड किनारे एक युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

लगातार तीन शव मिलने की घटनाओं के बाद रायपुर पुलिस ने सभी मामलों को गंभीरता से लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शवों की पहचान होने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी मामलों में हत्या सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *