जनजातीय गौरव को सहेजते हुए विकास के नए आयाम गढ़ रही है सरकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

जनजातीय गौरव को सहेजते हुए विकास के नए आयाम गढ़ रही है सरकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

गरियाबंद, 17 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गरियाबंद जिले के ग्राम दर्रापारा में आयोजित कार्यक्रम में 1 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से निर्मित कचना धुरवा गोंडवाना भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उनका आदिवासी परंपरा के अनुसार पगड़ी पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल स्थित देवठाना में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कचना धुरवा की पवित्र भूमि आदिवासी समाज की आस्था, संस्कृति और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गोंडवाना भवन सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामुदायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 10.60 लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य मिल रहा है, जबकि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 70 लाख महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को भी बढ़ी हुई दरों पर भुगतान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरियाबंद और बस्तर क्षेत्र में अब शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण निर्मित हुआ है। नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना तथा अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से आम नागरिकों को मिल रहे लाभों का भी उल्लेख किया। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए समस्याओं के त्वरित समाधान की जानकारी दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कचना धुरवा गोंडवाना भवन परिसर के विकास के लिए 63 लाख रुपये की अतिरिक्त घोषणाएं कीं। इनमें बाउंड्रीवाल निर्माण, ग्रंथालय निर्माण, भगवान कचना धुरवा की प्रतिमा स्थापना तथा भवन के सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम में आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक रोहित साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *