स्लोवाकिया में PM मोदी का ब्रेड और नमक से स्वागत, जानिए इस खास परंपरा का महत्व

स्लोवाकिया में PM मोदी का ब्रेड और नमक से स्वागत, जानिए इस खास परंपरा का महत्व

ब्रातिस्लावा, 15 जून 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन दिवसीय विदेश दौरे के तहत रविवार शाम स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक ब्रेड और नमक भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद यह पहली बार है जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने इस देश का दौरा किया है।

प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत स्लोवाकिया के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने किया। इसके बाद स्थानीय परंपरा के अनुसार उन्हें ब्रेड और नमक भेंट किया गया, जिसे वहां आतिथ्य, सम्मान और सद्भावना का प्रतीक माना जाता है।

होटल पहुंचने पर भी भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान “मोदी-मोदी” और “भारत माता की जय” के नारे गूंजते रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर स्वागत के लिए आभार जताते हुए कहा कि ब्रेड और नमक से किया गया स्वागत स्लोवाकिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मित्रता की भावना को दर्शाता है। उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों का प्रतीक बताया।

क्या है ब्रेड और नमक से स्वागत की परंपरा?

स्लोवाक और अन्य स्लाव संस्कृतियों में किसी सम्मानित अतिथि का स्वागत ताजा ब्रेड और नमक से करना बेहद प्रतिष्ठित परंपरा मानी जाती है। ब्रेड समृद्धि और जीवन का प्रतीक होती है, जबकि नमक सम्मान, सुरक्षा और स्थायी मित्रता का प्रतिनिधित्व करता है।

इन देशों में भी प्रचलित है यह परंपरा

ब्रेड और नमक से स्वागत की परंपरा केवल स्लोवाकिया तक सीमित नहीं है। रूस, यूक्रेन, पोलैंड, सर्बिया, चेक गणराज्य और अन्य पूर्वी यूरोपीय देशों में भी यह परंपरा लंबे समय से निभाई जाती रही है। इसे मेहमान के प्रति सर्वोच्च सम्मान और सद्भावना का प्रतीक माना जाता है।

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और स्लोवाकिया के बीच कूटनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *